
दतिया। नगर के पीतांबरा शक्ति पीठ के मुख्य प्रवेश द्वार पर बन रहे स्ट्रक्चर के 8 पिलर अचानक भरभराकर गिर गए। पिलर गिरते ही धमाके जैसी तेज आवाज आई। कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
घटना रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय माता की संध्या आरती चल रही थी। कई भक्त अंदर मौजूद थे।
सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि यह कोई बड़ी दुर्घटना नहीं है। हालात अब पूरी तरह सामान्य हैं।

*मिनी कॉरिडोर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा*
बता दें कि पीतांबरा पीठ में पिछले कई महीनों से मुख्य द्वार का निर्माण कार्य चल रहा है। इसे मिनी कॉरिडोर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। जिसको लेकर 12 लाल पत्थर के रेडीमेड पिलर राजस्थान से लाए गए थे। सभी को मंदिर परिसर में ही रखवाया गया है। यही 8 पिलर भरभराकर गिरे।
पिलर गिरने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि प्रबंधन का कहना है कि जांच के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल निर्माण स्थल
पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और गिरा हुआ मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।