भारत मंडपम में विश्व पुस्तक मेला 2026 में सम्मिलित होगा संस्मय प्रकाशन

इंदौर। नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भारत मण्डपम में 32वें विश्व पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार 10 जनवरी से रविवार 18 जनवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस मेले में मातृभाषा उन्नयन संस्थान के प्रकल्प संस्मय प्रकाशन द्वारा हिन्दी साहित्य सम्बंधित पुस्तकों का स्टॉल लगाया जा रहा है।

मालवा-निमाड़ अंचल से संस्मय प्रकाशन एकमात्र प्रकाशन है, जो विगत कई वर्षों से लगातार विश्व पुस्तक मेले में सहभाग करता आ रहा है।

संस्मय की संचालिका शिखा जैन एवं निदेशक भावना शर्मा ने बताया कि ‘मेले में हॉल 2 के स्टॉल आर-36 पर संस्मय की मौजूदगी रहेगी। इस मेले में प्रतिदिन लेखक से मिलिए, साक्षात्कर एवं सम्मान आयोजित होंगे। प्रकाशन से विविध विषयों पर किताबें प्रकाशित की गई हैं, जैसे अध्यात्म, राष्ट्रजागरण, धर्म, भाषा विमर्श, पत्रकारिता, कहानियाँ, कविताएँ, ग़ज़ल, बालसंस्कार, इत्यादि। संस्मय द्वारा अब तक लगभग सौ से अधिक पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है। पुस्तक-प्रदर्शनी में हिन्दी भाषा के प्रचार सम्बंधित ग्रन्थ भी शामिल हैं। इस वर्ष प्रतिदिन स्टॉल पर एक लेखक की पुस्तक का लोकार्पण कार्यक्रम भी आयोजित होगा, साथ ही, पुस्तक चर्चा का आयोजन भी किया जाएगा।’

मेले का समय सुबह 11 से रात 8 तक तक होता है, जिसमें लाखों पुस्तक प्रेमी शामिल होते हैं। देशभर से पुस्तक प्रेमी विश्व पुस्तक मेले में आकर पुस्तकें ख़रीदते हैं।