साहित्यकार जिलाधीश की अभिनव पहल, जिले में कर रहे हैं पुस्तकालय की स्थापना

569 Views

साहित्यकार जिलाधीश की अभिनव पहल, जिले में कर रहे हैं पुस्तकालय की स्थापना

बिलासपुर। खबर अपने आप में प्रेरक है, क्योंकि साहित्य, अध्ययन तथा लेखन में रुचि रखने वाले जिलाधीश डॉ. संजय अलंग ने पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने के लिए एक पुस्तकालय स्थापित करने के लिए अभिनव पहल करते हुए लोगों से किताबें दान करने की अपील की है।
जिला शिक्षा अधिकारी किताबों के संग्रह के लिए अधिकृत किये गए हैं।
जिलाधीश डॉ. अलंग का मानना है कि एक जागरूक समाज में किताबों का बड़ा महत्व है। ये जीवन को दिशा देती हैं। किताबें हर किसी को पढ़नी चाहिए। वे स्वयं एक अच्छे लेखक हैं। छत्तीसगढ़ के इतिहास व संस्कृति पर उनकी कई किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं।
इसी कड़ी में उन्होंने बिलासपुर में पुस्तकों का संग्रह कर उन्हें अध्ययन में रुचि रखने वालों के लिए उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। जिलाधीश डॉ.अलंग ने लोगों से अपील की है कि वे खेल, साहित्य, कला,संस्कृति, इतिहास व अन्य विधाओं की किताबें दान करें। वे ऐसी किताबें दान कर सकते हैं, जिन्हें वे पढ़ चुके हैं। इन किताबों को आम जन पढ़कर लाभ ले सकेंगे। लोगों द्वारा दी गई किताबों को संग्रहित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर को जिम्मेदारी दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी स्थानों से किताबें आएं इसके लिए वे सभी शालाओं के प्राचार्यों को पत्र भी जारी कर रहे है। कोई भी व्यक्ति उनके कार्यालय में आकर किताबें जमा कर सकता है।

मातृभाषा उन्नयन संस्थान द्वारा ऐसे साहित्यकार एवं जागरूक जिलाधीश डॉ संजय अलंग को पुस्तक क्रांति के उन्नयन हेतु हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की है।

Translate »