एक वाड्रा दिल्ली में और एक वाड्रा मंत्री के बंगले पर – सांसद

362 Views

सोलंकी खबर हलचल न्यूज़ देवास लक्ष्मण जाधव

** किसान आक्रोश आंदोलन में जुटे हजारों भाजपा कार्यकर्ता **

  • कर्जमाफी, बिजली बिलों में बढ़ोतरी व फसलों का मुआवजा न मिलने पर किया आंदोलन **
  • मुख्यमंत्री के पुतले के साथ जलाए बिजली बिल*

देवास। राॅबर्ट वाड्रा कांग्रेस के दामाद हैं, वे, उनकी सासु मां और साले भी जमानत पर हैं। उसी तरह मध्यप्रदेश में भी एक राॅबर्ट वाड्रा मंत्री सज्जन वर्मा के बंगले पर पाए जाते हैं एवं मंत्री के दामाद हैं। सभी कार्य पैसा लेकर करते हैं और सज्जन वर्मा का हिसाब और लेखा जोखा रखते हैं। उनका नाम चंचल सोनी है। साथ ही उनके परिवार के कई लोग अपराध में लिप्त हैं। खुद सज्जन वर्मा उन्हीं के दल के नेता दिग्विजयसिंह को गाली देते भी देखे गए हैं। उनका भतीजा अभय एक सब इंस्पेक्टर से अभद्रता करते हैं और भाजपा को नैतिकता का पाठ पढ़ाने चले हैं। यह बात सांसद महेंद्र सोलंकी ने सोमवार को किसान आक्रोश आंदोलन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कही।
सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भोपाल में सभा में कहा था कि अगर सरकार बनने के 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ नहीं होगा तो हम सीएम बदल देंगे। उनके वादे का क्या हश्र हुआ यह किसी से छुपा नहीं है। वो आज किसानों को बुरी हालत में छोड़कर देश के बाहर पिकनिक मना रहे हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता की सेवा करने के बजाय राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है। जब प्रदेश में शिवराजसिंह चैहान की सरकार थी तब समाज का हर वर्ग खुश था। किसानों की विपत्ति में शिवराज सरकार अपने सुख चैन छोड़कर किसानों के लिए खेत में खड़े होते थे। अब फसल नुकसानी का सर्वे तक करने में आनाकानी की जा रही है। किसानों को सर्वे करवाकर उचित मुआवजा नहीं दिया जा सके, इसके लिए उनके मंत्री पटवारियों के लिए अनर्गल बयान देते हैं। सीएम कमलनाथ कभी किसानों के बीच नहीं गए, जबकि शिवराज हमेशा किसानों की विपत्तियों में उनके साथ खड़े रहे।
कलेक्टर-एसपी कर रहे कांग्रे्रस नेताओं के चरण वंदन
सोलंकी ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में तबादला उद्योग फल-फूल रहा है। सभी जिलों के कलेक्टर एसपी बदले गए हैं, लेकिन देवास में ऐसा नहीं हुआ, क्योंकि ये दोनों अधिकारी कांग्रेस नेताओं के चरण वंदन कर रहे हैं। हालत यह है कि मंत्री से पूछकर सांसद के खिलाफ एफआईआर तक कर दी गई, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता ऐसे मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। एक नहीं हजार मुकदमें भी लाद दें, तब भी जनता के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
कांग्रेस के नेता ही कह रहे नहीं माफ हुआ कर्जा
सभा में भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम वर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार कर्ज माफी का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन उनके ही नेता सिंधिया और लक्ष्मणसिंह ही कह रहे हैं कि किसानों का 2 लाख का कर्जा माफ नहीं हुआ है। मैं राजनीति में 50 वर्षों से हूं, लेकिन इतना झूठा मुख्यमंत्री नहीं देखा। कांग्रेस अपनी एजेंसियों से सर्वे करवा रही है कि बेरोजगारी कम हो गई है, लेकिन प्रदेश में सरकार ने किसी को नौकरी नहीं दी है। उद्योगों में केवल तबादला उद्योग चल रहा है। बेरोजगारी सिर्फ कांग्रेस ने उन नेताओं की खत्म हुई है जो 15 साल से फुरसत में बैठे थे।
कांग्रेस की सरकार केंद्र को नहीं दे रही किसानों की सूची
सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदकिशोर पाटीदार ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है, लेकिंन मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार ने किसानों की सूची नहीं भेजी है। कमलनाथ सरकार ने किसानों के साथ आम जनता के साथ भी खिलवाड़ किया है। भाजपा की सरकार द्वारा चलाई जा रही सैकड़ों योजनाओं को बंद कर दिया और इनके विधायक सिर्फ लूटने का काम कर रहे हैं। अपनी सरकार को बचाने के लिए कांग्रेसी विधायकों को कमलनाथ की खुली छूट है।
कर्जमाफी के वादे पर सत्ता में आए, लेकिन कर रहे उपभोग
विधायक गायत्रीराजे पवार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार कर्जमाफी के वादे पर सत्ता में आई थी, लेकिन किसानों को भूलकर कांग्रेसी सत्ता का उपभोग कर रहे हैं। किसानों, आमजन और गरीब के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी हमेशा आंदोलन कर सरकार का पुरजोर विरोध करेगी।
कलेक्टोरेट में फूंका सीएम का पूतला
भाजपा जिला प्रवक्ता शंभू अग्रवाल ने बताया कि सभा के बाद रैली के रूप में हजारों कार्यकर्ता सभा स्थल नगर निगम के सामने स्थित मैदान से नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और बिजली बिलों की होली जलाई। साथ ही मुख्यमंत्री कमलनाथ के पूतले को आग लगाकर कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
कई वरिष्ठ नेताओं ने किया संबोधित
सभा को विधायक आशीष शर्मा, पहाड़सिंह कन्नौजे, पूर्व विधायक दीपक जोशी, राजेंद्र वर्मा सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपीकृष्ण व्यास, महेश पाटीदार, रायसिंह सेंधव, सुभाष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश दुबे मंचासीन थे। सभा का संचालन जिला महामंत्री फूलसिंह चावड़ा ने किया। आभार जिला महामंत्री नरेंद्र चैधरी ने माना। इस अवसर सभी जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चों, प्रकोष्ठ और प्रकल्प के पदाधिकारियों सहित हजारों की संख्या कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Translate »