पद्मश्री प्रहलाद टिपाणिया, पद्मश्री कालूराम बामनिया एवं पद्मश्री भेरूसिंह चौहान का प्रेस क्लब ने किया अभिनन्दन

36 Views

जिला स्तर पर बनें कबीर अकादमी- पद्मश्री भेरू सिंह चौहान

मालवा का गौरव मालवी से बढ़ेगा, मालवी को बोलचाल में रखे- पद्मश्री कालूराम बामनिया

कबीर धर्म-पंथ से दूर रहे, वैसा ही जीवन आवश्यक- पद्मश्री प्रह्लाद टिपानिया

ख़बर हलचल ने भी किया अभिनन्दन

इंदौर। देश के ख्यात लोकगायक पद्मश्री प्रहलाद टिपाणिया, पद्मश्री कालूराम बामनिया एवं पद्मश्री भेरूसिंह चौहान का बुधवार को इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी, उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी, महासचिव हेमंत शर्मा व कोषाध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने अभिनन्दन किया।

मीडिया से चर्चा के दौरान पद्म श्री भेरू सिंह चौहान ने भावुक होते हुए बताया कि ‘मेरी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होती थी अब भी कबीर गायन ने मेरा साथ दिया। अब प्रत्येक जिले में कबीर शिक्षण के लिए अकादमी होनी चाहिए। मुझे यह सम्मान जो मिल रहा है वह मालवा का सम्मान है।’

पद्म श्री कालूराम बामनिया ने कहा कि ‘मालवा की पहचान मालवी से है, और आम बोलचाल में भी जब आप मालवी बोलोगे तब मालवा समृद्ध होगा। साथ ही, कबीर को जीवन में उतारना होगा, तब कबीर का सम्मान है।’

पद्मश्री प्रह्लाद टिपानिया ने कहा कि ‘कबीर साहब धर्म, पंथ, वाद से परे रहें, उन्हें मठ-मंदिर में बाँधा नहीं जा सकता। कबीर की लोकप्रियता कबीर की शिक्षाओं के कारण बड़ी है, आडम्बर से नहीं। मैं विदेशों में भी यात्रा करता हूँ तो लोग वहाँ कबीर समझते है पर हम भारतीयों को कबीर को अपनाना चाहिए।’

राजनीति में आगमन से जुड़े सवाल पर तीनों से एक सूत्र में कहा कि अब राजनीति से नियत दूरी है। श्री टिपानिया ने यह भी कहा कि ‘पहले सेवा करने के कारण राजनीति में गया पर ऐसा लगा कि वह सही जगह नहीं तो लौट आया हूँ।’
श्री चौहान व श्री बामनिया ने तो सिरे से राजनीति में जाने का मना किया।


तीनों ने कबीर गायकी के एक-एक पद गाकर मीडिया का अभिवादन किया।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार कीर्ति राणा, नवीन जैन, मुकेश तिवारी, डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’, महेश मिश्रा, हर्षवर्धन, राजेन्द्र कोपरगांवकर, राजू पँवार, सुधाकर मिश्रा, लक्ष्मीकांत पण्डित, राजेन्द्र गुप्ता, हरेराम वाजपेयी, डॉ. सुरेश पटेल, छोटेलाल भारती, लखन सिंह आदि मौजूद रहे।

Translate »