बोलेरो व पीकअप वाहन में हुई भिड़ंत, आलीराजपुर के तीन युवकों की दर्दनाक मौत

324 Views

बोलेरो व पीकअप वाहन में हुई भिड़ंत, आलीराजपुर के तीन युवकों की दर्दनाक मौत

आलीराजपुर- (ब्यूरो) जिला मुख्यालय आलीराजपुर से करीब 65 किमी दूर राणापुर-झाबुआ मार्ग पर राणापुर से करीब 4 किमी दूर शुक्रवार 21 दिसंबर की रात्रि 11 बजे करीब बोलेरो व पीकअप वाहन में आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें बोलेरो में सवार राठौड़ समाज आलीराजपुर के तीन युवकों की मौत हो गई।जिसमें बोलेरो का चालक भी शामिल है। दुर्घटना में तीन अन्य गंभीर घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए झाबुआ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें हार्दिक पिता दिलीप कसेरा निवासी बोरखड़ की हालत गंभीर होने पर उसे झाबुआ से बड़ौदा रैफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो क्रमांक एमपी 69बीओ 0475 में सवार होकर आलीराजपुर के 6 युवक आलीराजपुर से झाबुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात्रि 11 बजे करीब राणापुर से झाबुआ की ओर जाने वाले मार्ग पर एक मोड़ पर बोलेरो वाहन की सामने से आ रही पीकअप लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 11 जी 2248 से आमने सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें बोलेरो में आगे सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरे ने जिला अस्पताल झाबुआ में दम तोड़ दिया।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए। पूरी बोलेरो तहस नहस हो गई। इसीसे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसमें सवार युवकों की क्या हालत हुई होगी। घटना की जानकारी मिलते ही आलीराजपुर से मृतकों व घायलों के परिजन घटना स्थल के लिए रवाना हुए। जहां से वे झाबुआ जिला अस्पताल पहंुचे। जहां पर उनका रो रो कर बुरा हाल हो गया। मृतकों में मनोज दिनेशचंद्र राठौड़, चिराग महेशचंद्र राठौड़ व गोविंदा कैलाशचंद्र राठौड़ मूंगफली बेचने वाला है। मनोज टंकी मैदान आलीराजपुर निवासी है जो सावी मोबाईल दुकान पर कर्मचारी था। इसके पिता ड्राईवरी करते है। वही सांई सिटी उमराली मार्ग पर रहने वाले चिराग बस स्टेंड पर चाय का स्टाल लगाता था। गोविंदा बस स्टेंड पर मूंगफली बेचने का काम करता था। तीनों राठौड़ समाज के बताए जा रहे है। इस भीषण हादसे से राठौड़ समाज में शोक की लहर है।

समाचार लिखे जाने तक तीनों मृतकों के शव पोस्ट मार्टम के इंतजार के लिए जिला अस्पताल में रखे हुए हैं। घायल में गौतम गिदरा कनेश को मौके से ही दाहोद रैफर कर दिया गया। वहीं हार्दिक दिलीप कसेरा को झाबुआ से बड़ौदा रैफर किया और अजय दिनेशचंद्र राठौड़ झाबुआ जिला अस्पताल में ही उपचार किया जा रहा है। सभी सवार अपने अपने घर से कही घूमने जाने का बोल कर निकले थे। सूत्रों ने बताया कि सभी रतलाम की ओर जा रहे थे। राणापुर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। सूचना मिलते ही मौके पर राणापुर पुलिस पहंची ओर सभी घायलों व मृतकों को जिला अस्पताल झाबुआ पहंुचाने में मदद की। आलीराजपुर से बड़ी संख्या में मृतकों के परिजन रिश्तेदार आदि झाबुआ पहंुचे।

 

तीनों मृतक व घायल 18 से 23 साल की उम्र के बीच के है। सभी में आपस में मित्रता है। किंतु ये कहां जा रहे थे इस बार को लेकर अनिश्चितता बनी हुई हैं। क्यों कि सभी ने अपने अपने परिजनों को अलग अलग गंतव्य पर जाने की बात कही थी। बहरहाल युवा उम्र के जोश के आगे परिजन उन्हें कुछ बोल नहीं सके और आलीराजपुर से करीब डेड़ घंटे के सफर के बाद ही 6 में से 3 युवक काल के गाल में समा गए और तीन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। आलीराजपुर में सुबह सुबह जिसने भी यह दुखद खबर सुनी सभी हतप्रभ, मायूस और दुखी हो गए। दो युवक तो अपने माता पिता की इकलौती संतानें थी। जिसमें चिराग चाय वाले के पिता का भी कुछ समय पूर्व निधन हो चुका है। चिराग की मां पर तो दुखों का पहाड़ टूट गया है।

Translate »