कुक्षी में झांकियों के चल समारोह के दौरान वर्ग विशेष ने किया पथराव, पुलिस ने छोड़ी आँसू गैस

643 Views

पुलिसकर्मियों समेत आठ लोग घायल, दो गंभीर

कुक्षी। धार जिले के कुक्षी में अनंत चतुर्दशी पर निकाले जा रहे पारंपरिक झांकी के दौरान वर्ग विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया, जिसके बाद नगर में तनाव फैल गया। पुलिस ने मुश्तैदी से मोर्चा संभालते हुए समय पर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है।

धार जिले के कुक्षी में गुरुवार रात गणेश विसर्जन पर्व के दौरान अंतिम दिन झांकियों के चल समारोह में बडपुरा क्षेत्र में पथराव हो गया, जिससे अफरा तफरी मच गई। पथराव के दौरान पुलिस कर्मियों सहित आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो लोगों को बड़वानी भी रेफर किया गया है। वहीं घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल क्षेत्र में शांति बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कुक्षी में अनंत चतुर्दशी पर्व पर सारे आयोजनों के अलावा सुबह ईद मुलुदुन्नबी का भी पर्व परंपरा अनुसार उत्साहपूर्वक मनाया गया। वहीं, शाम को गणेश विसर्जन के दौरान झांकियां निकाली जा रही थीं। झाकियों का चल समारोह शहर के बड़पुरा मोहल्ले में पहुंचने पर लगभग 1 बजे वर्ग विशेष के लोगों द्वारा झांकियां के चल समारोह पर पथराव कर दिया गया। एकाएक हुए पथराव के चलते झांकियों के चल समारोह में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों में अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची क्षेत्रीय पुलिस के शांति के आह्वान के बाद भी उपद्रवी लोग नहीं माने और घरों की छतों से लगातार पथराव जारी रहा। इस घटना में पुलिस कर्मियों सहित आठ लोग घायल हो गए। देखते ही देखते क्षेत्र में तनाव फैल गया। इसके बाद तोड़फोड़ और आगजनी की भी घटना होना बताया जा रहा है। वहीं, पथराव के बाद बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस बल द्वारा बल का प्रयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया गया। इसके बाद से क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे कुक्षी नगर में सन्नाटा पसरा रहा और झांकियां का चल समारोह अधूरा रह गया। वहीं, घटना में घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां से दो गंभीर घायलों को बड़वानी रेफर किया गया।


इधर घटना की सूचना के तुरंत बाद प्रशासनिक अधिकारियों सहित जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। उन्होंने कहा कि इस घटना के जो भी दोषी लोग हैं उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। उन पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। जिले वासियों से भी एसपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान बाजी टिप्पणियों से दूर रहें, क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस मुस्तैदी से लगी है। सांप्रदायिक तनाव पैदा करने वाले आरोपियों की पहचान कर शीघ्र ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गाने पर नाचने को लेकर हुआ विवाद,

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बताया कि बड़पुरा क्षेत्र से झांकियां सहित डीजे वाहन निकल रहा था, इस दौरान युवा नाच रहे थे। जहां पर नाचने के दौरान धक्का लगने पर सबसे पहले दोनों पक्षों के युवकों में कहासुनी हुई थी, वर्ग विशेष समुदाय के बाहुल्य क्षेत्र के रोड से ही जुलूस निकल रहा था। हालांकि यहां पर दोनों पक्ष शांत हो गए थे, किंतु महज कुछ देर में ही कुछ लोग एकत्रित हुए व अचानक पत्थर फेंकना शुरु कर दिया।

चित्र देशगाँव से साभार

भाजपा उम्मीदवार जयदीप पहुँचे मौके पर, उपद्रवियों के मकानों पर बुलडोजर चलवाने की मांग की


भाजपा के नेता जयदीप पुरस्कार वितरण के मंच पर थे, उधर पथराव और आगजनी की सूचना के बाद ही भाजपा की पूर्व मंत्री रंजना बघेल और भाजपा से क्षेत्रीय प्रत्याशी जयदीप सिंह पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से 10 घंटे में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, साथ ही पूरे घटनाक्रम को षड्यंत्र करार दिया है। जयदीप सिंह पटेल ने पूरे मामले की प्रशासन से जांच करवा कर जिम्मेदारों असामाजिक तत्व के घरों पर तुरंत बुलडोजर चलाने की मांग की। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कुक्षी से विधायक पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह हनी बघेल से भी संपर्क किया तो उनका फोन स्वीच ऑफ आया।

Translate »