73 मजदूरों के अवैध निष्कासन पर निकाली चेतावनी रैली 

443 Views
73 मजदूरों के अवैध निष्कासन पर निकाली चेतावनी रैली 
11 अक्टूबर से जारी है भंडारी फाईल्स के मजदूरों की हड़ताल 
देवास। 11 अक्टूबर से अपनी जायज मांगों के लिए हड़ताल पर गए भंडारी फाईल्स एण्ड ट्यूब्स लि. के मजदूरों ने 73 मजदूरों के कंपनी से अवैध निष्कासन के खिलाफ चेतावनी रैली निकालते हुए कंपनी मैनेजमेंट को सभी मजदूरों को वापस लेने व यूनियन की सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने के लिए 24 घंटे का समय दिया। 2 जनवरी को निकाली गई चेतावनी रैली हिन्द फिल्टर चौराहे से प्रारंभ होकर भंडारी कंपनी के सामने से विकास नगर होते हुए कंपनी के सिया प्लांट के गेट तक गई। रैली के दौरान विकास नगर चौराहा, सयाजी गेट के सामने, भोपाल चौराहा, विधायक निवास के सामने, गंगा इंडस्ट्री बायपास चौराहा पर विरोध प्रदर्शन किए गए। रैली को सम्बोधित करते हुए युनियन के अध्यक्ष हिमांशु श्रीवास्तव ने बताय कि देवास शहर में मालिकों की मनमानी, श्रम विभाग की सांठ गांठ के कारण चल रही पहले टाटा कंपनी के हजारों मजदूरों को अवैध रूप से निकाल बाहर किया गया उसके पश्चात आराध्य डिस्पोजल और अब भंडारी कंपनी द्वारा बड़ी संख्या में मनमाने तरीके से मजदूरों को निकाला जा रहा है। भंडारी के मजदूर 11 अक्टूबर से अपने परिवार का भरण पोषण करने लायक वेतन की मांग और श्रम कानूनों में दर्ज बातों को लागू कराने के लिए संघर्ष कर रहे है। लेकिन इस संघर्ष के बदले कंपनी मैनेजमेंट ने 73 मजदूरों को बिना किसी गृह जांच और नोटिस के निष्कासित कर दिया। यह निष्कासन कानूनी रूप से भी अवैध है। लेकिन जिन्हें कंपनियों में कानून लागू करवाना है वे अधिकारी इन सभी मामलों में मौन साधे रहते हैं। जबकि कंपनी पर आपराधिक प्रकरण दर्ज होना चाहिये। चेतावनी रैली सिया स्थित प्लांट पर एक सभा के रूप में परिवर्तित हुई जहां 24 घंटे की मोहलत मैनेजमेंट को दी गई है। मांग न माने जाने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। रैली में बड़ी संख्या में कंपनी के मजदूर शामिल हुए । 
Translate »