भाजपा ने संभाला मैदान, कांग्रेस अब तक नहीं आई चुनावी रंग में

224 Views

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’

मध्य प्रदेश सहित पाँच राज्यों में चुनाव आयोग ने राजनैतिक सूतक यानी आचार संहिता की घोषणा कर दी। नवम्बर माह में होना है मतदान और शाम ढलते–ढलते ही भारतीय जनता पार्टी ने 57 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी। अब तक भाजपा कुल 136 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। ऐसे माहौल में भी कांग्रेस के लीडरान अब तक हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस अब तक उम्मीदवार घोषित नहीं कर पा रही।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस उम्मीद लगा रही है कि जनता का मूड भाजपा के विरोध में है और इसके कारण कांग्रेस में शायद चुनावी हलचल नहीं हो पा रही है पर अब माहौल बदलता दिख रहा है।
मध्य प्रदेश सरकार की लाड़ली बहन योजना गेम चेंजर साबित होती नजर आ रही है।
टिकट न घोषित करने को कांग्रेस आलाकमान की सुस्त कार्यप्रणाली कहें या फिर मध्य प्रदेश की आपसी खींचतान, मामला जो भी हो पर जनता में कांग्रेस के प्रति नकारात्मक माहौल बना रहा है।
बीते दिनों मालवा निमाड़ की सीटों पर प्रभाव डालने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी की चुनावी सभा मोहनखेड़ा में हुई, उसमें उमंग सिंघार के बढ़ते क़द को सभी ने देखा। धार जिले के कांग्रेसी विधायकों और आला नेताओं ने भी स्वीकार किया कि उमंग सिंघार पूरे चुनावी मॉड में है। उसी सभा में कमलनाथ का दिग्गी राजा के क्रम को भूल जाना और फिर नेताओं के तेवर भी आम लोगों ने देखे।
बहरहाल, बात इतनी–सी है कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनावी मैदान में क्यों नहीं है, जबकि विपक्ष के कंधों पर अधिक दारोमदार होता है। इस समय आचार संहिता लगने के बाद कांग्रेसी खेमें से उम्मीदवारों की घोषणा में चुप्पी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के मनोबल को भी कमज़ोर कर रहा है। जबकि भाजपा लगातार अपने उम्मीदवारों को मैदान संभालने भेजने में लगी हुई है। कई केन्द्रीय मंत्री और सांसदों के साथ राष्ट्रीय नेताओं को भी चुनावी मैदान में उतार चुकी भाजपा किसी भी क़ीमत पर कोई कोताही बरतना ही नहीं चाहती जबकि कांग्रेस के हाल इस समय ख़ामोश हैं। फ़िलहाल मध्य प्रदेश में 17 नवम्बर को, राजस्थान में 23 नवंबर, छत्तीसगढ़ में 7 और 17 नवंबर, तेलंगाना में 30 नवंबर और मिज़ोरम में 7 नवंबर को मतदान होगा, मतगणना एवं परिणाम 3 दिसंबर को होगा। अब देखना यह है कि कांग्रेस अपने उम्मीदवारों को कितना समय देती है मैदान में और उतने समय में वह क्या परिणाम देंगे। जनता तय करेगी भाजपा और कांग्रेस का भाग्य।

डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’
लेखक एवं विचारक
ईमेल: arpan455@gmail.com
वेब:www.arpanjain.com
संपर्क- 9406653005

[ लेखक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं तथा देश में हिन्दी भाषा के प्रचार हेतु हस्ताक्षर बदलो अभियान, भाषा समन्वय आदि का संचालन कर रहे हैं]

Translate »