जनजाति विकास मंच आयोजित करेगा जनजातीय गौरव दिवस

341 Views

पुरखों की स्मृतियों को जीवंत रखना हमारी ज़िम्मेदारी- मस्कले

इंदौर। भारत की आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जनजाति विकास मंच द्वारा नगर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस 14 नवम्बर को 12 बजे चिमनबाग में आयोजित किया जाएगा।

इंदौर प्रेस क्लब परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता में जनजाति विकास मंच, इंदौर के अध्यक्ष गोविंद भूरिया, संयोजक विक्रम मस्कुले, सह संयोजक राधेश्याम जामले ने बताया कि ‘सम्पूर्ण राष्ट्र इस समय स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अमृत महोत्सव मना रहा है, देश के हर हिस्से में स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान की स्मृतियों को पुनः स्मरण किया जा रहा है। और इसी कड़ी में भारत सरकार द्वारा निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सम्पूर्ण राष्ट्र 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाएगा। यह उत्सव वीर जनजातीय स्‍वतंत्रता सेनानियों की स्‍मृति को समर्पित होगा ताकि आने वाली पीढ़िययाँ देश के प्रति उनके बलिदानों के बारे में जान सके।’

इस आयोजन के अंतर्गत जनजातीय समुदाय के स्वतंत्रता सेनानियों के कृतित्व, उनकी कला और संस्कृति पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसी कड़ी में जनजाति विकास मंच इंदौर द्वारा जनजाति संगम का आयोजन 14 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे चिमनबाग में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त शामिल होंगे।

आयोजन में प्रसिद्ध लोकगायक आनंदीलाल भावेल (हमू काका बाबा ना पोरिया के फ़ेम) अपनी प्रस्तुति देंगे व करमा नृत्य, भगोरिया नृत्य, गोंडी नृत्य प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन समिति में अनीता मस्कुले (शिक्षिका), मदन वास्केल (प्रोफ़ेसर), अजमेर सिंह भाबर (बीज प्रमाणिक अधिकारी), कैलाश अमलियार (प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), पूजा लाल निनामा व रेखा नागर (प्रोफ़ेसर)आदि हैं।

Translate »