भोपाल समेत प्रदेश के अधिकांश शहर कोहरे में लिपट रहे

377 Views

भोपाल. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में आए बदलाव के कारण राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के अधिकांश शहर बीती रात से गुरुवार को दोपहर तक कोहरे से लिपटे रहे। इस दौरान प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में कम से कम 20 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। सबसे ज्यादा 47.3 मिमी वर्षा मलाजखंड में दर्ज हुई है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री शिवपुरी में रिकार्ड किया गया।

भोपाल मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि राजधानी में कल शाम से ही कोहरा छाने लगा था, जो आज दोपहर तक कायम रहा। कोहरे की वजह से सुबह विजिबिलिटी मात्र 100 मीटर ही थी। दोपहर 12 बजे के बाद कोहरा छंटने लगा और ढाई बजे तक विजिबिलिटी 1500 मीटर तक पहुंच गई और बाद में हल्की धूप दिखी। हल्के बादल भी हुए। शहडोल, सागर, उज्जैन, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों में घने से अत्यधिक घने कोहरे की चादर दिन भर तनी रही।

अब आगे क्या : साहा के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान भोपाल में भी हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हाे सकती है। और गरज चमक की भी स्थिति बन सकती है। यहां आज न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। होशंगाबाद संभाग के जिलों तथा गुना, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर एवं बुरहानपुर जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। इसके साथ ही शहडोल, जबलपुर, रीवा एवं सागर संभाग के जिलों में कहीं कहीं हल्की ओलावृष्टि होने की भी आशंका है। 

Translate »