मप्र / कांग्रेस स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा; गौरवशाली इतिहास के बारे में बताएंगे

411 Views
  • इस साल कांग्रेस 134 वां स्थापना दिवस मना रही है 
  • 28 दिसंबर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना हुई थी 

भोपाल. कांग्रेस समूचे मध्यप्रदेश में अपना 134 वां स्थापना दिवस मनाएगी। कांग्रेस की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार, आगामी 28 दिसंबर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 134वें स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभी जिला एवं ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों को इस कार्यक्रम में स्थापना के बाद से कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास का वर्णन करने को कहा है। कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष सत्येन्द्र यादव ने सभी जिला/ब्लाक कांग्रेस कमेटियों को झंडावंदन करने के निर्देश दिए हैं। महात्मा गांधी, मोतीलाल नेहरू, सुभाषचंद बोस, गोपाल कृष्ण गोखले, बालगंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, बुब्रमण्यम भारती, मौलाना अबुल कलाम आजाद, सीमांत गांधी, जवाहर लाल नेहरू जैसे नेताओ के संरक्षण में कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी। 

कई नेताओं ने आजादी के लिये अपने प्राण न्यौछावर किये तो कांग्रेस के कई नेता स्वतंत्रता संग्राम में जेल में बंद रहे। इन्हीं नेताओं के त्याग और बलिदान ने देश को आजाद कराया। कांग्रेस की गौरवशाली परम्परा को लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, राहुल और सोनिया गांधी ने जीवित बनाये रखा।

भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को उजागर करेंगे 
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर ने बताया कि इन आयोजनों के माध्यम से भाजपा सरकार की जन-विरोधी नीतियों के कारण बड़े पैमाने पर बढ़ती बेरोगारी, आर्थिक मंदी, अभूतपूर्व मूल्य वृद्धि और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार को उजागर करना है। इसके साथ ही नागरिकता संशोधन बिल जैसी भाजपा सरकार की विभाजनकारी नीतियों का उद्देश्य आम लोगों का ध्यान ज्वलंत मुद्दों से हटाने और प्रदर्शनकारी छात्रों एवं नागरिकों पर पुलिस द्वारा क्रूरतापूर्ण कारवाई को उजागर करना है। 

कांग्रेस अध्यक्षों की लगाई जाएगी प्रदर्शनी 
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के राजीव गांधी सभागृह में कांग्रेस के संस्थापक ए.ओ.ह्यूम के समय से जितने भी कांग्रेस अध्यक्ष रहे है, उन सब के चित्रों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के जनसम्पर्क मंत्री पी.सी.शर्मा एवं प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल करेंगे।

Translate »