ज़ीनत अमान के बारे में रोचक जानकारियां

379 Views

1) 19 नवम्बर 1951 को जन्मी ज़ीनत अमान को बॉलीवुड की उस हीरोइन के रूप में याद किया जाता है जिसने नायिकाओं की परिभाषा को बदल कर रख दिया।

2) ज़ीनत ने जब फिल्मों में कदम रखा तब ज्यादातर हीरोइनें इंडियन लुक में नजर आती थीं, लेकिन ज़ीनत ने वेस्टर्न लुक में अपने आपको पेश कर धमाका कर दिया।
3) बोल्डनेस को भी ज़ीनत अमान ने नई परिभाषा दी। कैमरे के सामने हिचक तोड़ वे बिंदास तरीके से पेश आईं और यही कारण है कि उनके फैंस ने सेक्स सिम्बल खिताब से ज़ीनत को नवाजा।

4) ज़ीनत के पिता अमानुल्लाह खान स्क्रिप्ट राइट थे और बतौर सहायक उन्होंने ‘मुगल-ए-आज़म’ और ‘पाकीज़ा’ जैसी फिल्मों की स्क्रिप्ट लिखी। वे अमान नाम से लिखते थे।

5) ज़ीनत जब 13 वर्ष की थीं तब उनके पिता गुजर गए तो ज़ीनत ने अपने नाम में पिता का नाम जोड़ लिया और वे ज़ीनत खान से ज़ीनत अमान बन गईं।

6) ज़ीनत की मां ने हैंज़ नामक जर्मन पुरुष से दूसरी शादी कर ली और वे अपने साथ ज़ीनत को भी जर्मनी ले गईं। वहां से वे लॉस एंजिल्स पढ़ाई करने गईं, लेकिन 18 वर्ष की होने पर पढ़ाई अधूरी छोड़ ज़ीनत भारत में करियर बनाने के लिए आईं। 

7) फिल्म अभिनेता रज़ा मुराद की ज़ीनत कज़न हैं। 

8) ज़ीनत ने बतौर पत्रकार ‘फेमिना’ में काम किया और बाद में वे मॉडलिंग की तरफ मुड़ी। ताज महल चाय के लिए उन्होंने मॉडलिंग की। 

9) ज़ीनत ने मिस इंडिया प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया और सेकंड रनर-अप रही। 1970 में वे मिस एशिया पैसिफिक बनी। 

10) ज़ीनत को ओपी रल्हन ने फिल्मों में पहली बार अवसर दिया। ‘हलचल’ (1971) उनकी पहली फिल्म है।11) हलचल और हंगामा (1971) के पिटने के बाद ज़ीनत ने जर्मनी अपनी मां के पास लौटने का निश्चय कर लिया, लेकिन इसी बीच उन्हें बॉलीवुड के सुपरस्टार देव आनंद ने ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ ऑफर की जो 1971 में ही रिलीज हुई। 

12) हरे रामा हरे कृष्णा के लिए ज़ीनत पहली चॉइस नहीं थीं। पहले ज़ीनत वाला रोल ज़ाहिदा को ऑफर हुआ था, लेकिन वे देव आनंद की बहन की बजाय उनकी प्रेमिका बनना चाहती थीं, लिहाजा उन्होंने फिल्म छोड़ दी और देव आनंद ने ज़ीनत को चुन लिया। 

13) हरे रामा हरे कृष्णा में ज़ीनत ने अपने आपको वेस्टर्न स्टाइल को इस तरह पेश किया कि वे करोड़ों दर्शकों के दिल की धड़कन बन गईं। उन पर फिल्माया गया गीत ‘दम मारो दम’ आज भी युवाओं को पसंद आता है। 

14) ज़ीनत अमान को देव आनंद बेहद पसंद करते थे। ज़ीनत के साथ उन्होंने हीरा पन्ना, इश्क इश्क इश्क, प्रेम शास्त्र, वारंट, डार्लिंग डार्लिंग और कलाबाज जैसी फिल्में की। बरसों बाद देव आनंद ने स्वीकारा था कि वे ज़ीनत अमान को चाहने लगे थे।  

15) यादों की बारात (1973) की सफलता के बाद ज़ीनत अमान स्टार बन गईं। इस फिल्म में ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’ गीत ज़ीनत पर फिल्माया गया और वे युवाओं के दिल की धड़कन बन गईं।

Translate »