बीमा अस्पताल में वार्षिक स्वास्थ्य जाँच कार्यक्रम का शुभारंभ

40 वर्ष से अधिक आयु के बीमित व्यक्ति होंगे शामिल

इंदौर। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, नंदानगर, इंदौर में गुरुवार को 40 वर्ष से अधिक आयु के बीमाकृत व्यक्तियों (आईपी) हेतु वार्षिक स्वास्थ्य जाँच कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम देशभर के 12 प्रमुख ईएसआईसी चिकित्सा संस्थानों में एक साथ आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य पहल का हिस्सा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ लोकप्रिय सांसद शंकर लालवानी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं शिलापट्ट अनावरण के साथ किया गया। इस अवसर पर इंदौर के मध्य प्रदेश शासन के श्रम आयुक्त आईएएस संदीप आर., चिकित्सा आयुक्त (पश्चिमी अंचल) डॉ. दीपिका गोविल, ईएसआईसी चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, इंदौर के डीन डॉ. राजेश संग्राम तथा ईएसआईसी मध्य प्रदेश के क्षेत्रीय निदेशक श्री संजीव मिश्र ,संचालक, कर्मचारी राज्य बीमा सेवाऐं डॉ.सी.जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डीन डॉ. राजेश संग्राम ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए वार्षिक स्वास्थ्य जाँच कार्यक्रम की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह पहल श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं समय पर रोगों की पहचान सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्त्वपूर्ण क़दम है।
अपने संबोधन में ईएसआईसी मध्य प्रदेश के क्षेत्रीय निदेशक संजीव मिश्र एवं चिकित्सा आयुक्त डॉ. दीपिका गोविल ने बीमित श्रमिकों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने का आग्रह करते हुए कहा कि समय पर जाँच से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है।
श्रम आयुक्त संदीप जी. आर ने श्रमिक कल्याण योजनाओं की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ श्रमिक ही राष्ट्र की आर्थिक प्रगति का आधार हैं।
मुख्य अतिथि सांसद श्री लालवानी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री द्वारा लोकसभा में व्यक्त स्वास्थ्य संबंधी दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्रमिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने माननीय श्रम एवं रोज़गार मंत्री डॉ. मनसुख लाल मांडविया द्वारा इस स्वास्थ जाँच के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का स्वागत करते हुए कहा कि निवारक स्वास्थ्य जाँच के माध्यम से लाखों लोगों को भविष्य मे गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न स्वास्थ्य अध्ययनों एवं विशेषज्ञों के विमर्श से यह स्पष्ट हुआ है कि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से भविष्य में होने वाले भारी चिकित्सा व्यय को कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी बीमाकृत व्यक्तियों से अपील की कि वे इस उत्कृष्ट स्वास्थ्य व्यवस्था का लाभ उठाते हुए नियमित जाँच अवश्य कराएँ।
कार्यक्रम के अंत में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों, चिकित्सा समुदाय, नियोक्ता प्रतिनिधियों, उपस्थित बीमित बंधुओं, मीडिया प्रतिनिधियो को कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
ईएसआईसी द्वारा आयोजित यह वार्षिक स्वास्थ्य जाँच कार्यक्रम श्रमिकों के समग्र स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की समय पर पहचान तथा स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।