
इंदौर। डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति के स्थापना दिवस एवं नववर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को वरिष्ठ स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण और कार्यकर्ताओं का शताब्दी वर्ष के निमित्त समय समर्पण भाव जागरण कार्यक्रम सुदर्शन भवन, पंत वैद्य कालोनी पर रखा। समिति के सेवा प्रकल्पों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मालवा प्रांत के बौद्धिक प्रमुख सुनील बागुल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज जो देखता है उसी का अनुसरण करता है। स्वयंसेवक के व्यवहार से समाज को सीख मिलती है। संघ की सेवा गतिविधियां समाज में पैठ बनाने का सशक्त माध्यम है। शताब्दी वर्ष निमित्त पथ संचलन एवं हिंदू सम्मेलन में समाज की भूमिका इसका अनुपम उदाहरण है।
समिति के अध्यक्ष ईश्वर हिंदुजा एवं मंत्री राकेश कुमार यादव ने बताया कि वर्ष प्रतिपदा एवं समिति के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण रखा जाता है। इस वर्ष भी सुदर्शन भवन पर आयोजन हुआ। इसमें संघ के सेवा प्रकल्पों में समयदान का संकल्प लिया।
उपाध्यक्ष रुपेश पाल ने समिति द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों की जानकारी देते हुए बताया कि हरसिद्धि में फिजियोथेरेपी केन्द्र संचालित किया जाता है। रामबाग अर्चना कार्यालय पर एक्युप्रेशर चिकित्सा केन्द्र, पलासिया में संकल्प के माध्यम से पीएससी परीक्षा की तैयारी करवाई जाती है। साथ ही स्वास्थ्य शिविर, योग शिविर, रक्तदान शिविर आदि गतिविधियां वर्षभर संचालित की जाती है। आगामी वर्ष में नए सेवा प्रकल्प शुरु करने जा रहे है। इस कड़ी में लायब्रेरी एवं परिवार परामर्श केन्द्र की शुरुआत कर रहे है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन केन्द्र व योग केन्द्र भी खोले जाएंगे। इन सभी सेवा प्रकल्पों में समय का समर्पण करने का संकल्प सैकड़ों स्वयंसेवकों ने लिया।

संत रविदास जी के 650 वें प्राकट्य वर्ष में समरस समाज का संकल्प
हाल ही में हरियाणा के समालखा में संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने संत शिरोमणि रविदास जी के 650 वें प्राकट्य वर्ष पर दिए वक्तव्य का वाचन राकेश जी यादव ने करते हुए संतश्री के जीवन संदेश को स्वयंसेवकों के बीच रखकर देश और समाज की एकात्मता के लिए समरस समाज का संकल्प दिलवाया। कार्यक्रम में पिछले वर्ष दिवंगत स्वयंसेवकों को श्रद्धांजलि भी दी गई। कार्यक्रम का संचालन उमेश वर्मा ने किया।