खजराना गणेश मंदिर के पुजारी ने मांगे एक करोड़ रुपये और फॉर्च्यूनर, पत्नी का आरोप

इन्दौर। विश्व प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के इंदौर के खजराना गणेश मंदिर के पुजारी पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त के दफ्तर में शिकायती आवेदन दिया है। आवेदन में पत्नी ने पुजारी पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और मानसिक रुप से प्रताड़ित करने के साथ ही शादी के 4 महीने बाद घर से बाहर निकालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक ये उन दोनों की दूसरी शादी है और पति के द्वारा घर से निकाले जाने के बाद से वो अपने मायके में रह रही है।

खजराना गणेश मंदिर के पुजारी पर गंभीर आरोप

शिकायती आवेदन में खजराना गणेश मंदिर के पुजारी पुनीत भट्ट की पत्नी इंदिरा भट्ट ने आरोप लगाते हुए बताया कि ये उसकी व पुनीत दोनों की दूसरी शादी है। शादी 17 मई 2025 को हुई थी और शादी के बाद शुरूआती दिनों में तो सबकुछ ठीक रहा लेकिन फिर पति व ससुरालवालों का व्यवहार बदल गया। उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। मायके से एक करोड़ रुपये और फॉर्च्यूनर कार लाने की मांग की गई। पति, सास, ननद, नंदोई और देवर सभी ने मिलकर उसे शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से काफी प्रताड़ित किया और सितंबर 2025 में अपमानित कर घर से निकाल दिया।

ससुराल वालों ने जेवर-नकदी छुड़ाए
पीड़िता इंदिरा भट्ट ने अपनी शिकायत में ये भी आरोप लगाया है कि प्रताड़ना के साथ ही ससुरालवालों ने उसे कई बार घर में बंद करके रखा, खाना तक नहीं दिया। उसे नौकरी करने से रोका ताकि वो आर्थिक रूप से कमजोर बन रहे। इतना ही नहीं उसके जेवर और करीब 5 लाख रुपये नकद भी उससे छुड़ा लिए और जब जेवर-पैसे वापस मांगे तो और ज्यादा प्रताड़ित किया। पीड़िता इंदिरा का ये भी आरोप है कि पति पुनीत भट्ट के दत्तक पुत्र उदित ने अपनी पत्नी कुमकुम के मामले में झूठे आरोप लगाते हुए उस पर केस दर्ज करा दिया, जिसके कारण पुलिस उसे परेशान कर रही है। झूठे केस में फंसाने के साथ ही ससुरालवाले अब उसे बदनाम करने की धमकी भी दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता का आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, पुलिस का कहना है कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।