साहित्यकार नर्मदाप्रसाद उपाध्याय व अतुल तारे को मिलेगा वर्ष 2026 का हिन्दी गौरव अलंकरण

फ़रवरी में इन्दौर में आयोजित समारोह में होंगे अलंकृत

इन्दौर । देशभर में हिन्दी के विस्तार के लिए काम करने वाले मातृभाषा उन्नयन संस्थान द्वारा वर्ष 2026 का हिन्दी गौरव अलंकरण सुप्रसिद्ध साहित्यकार नर्मदा प्रसाद उपाध्याय (इन्दौर) और वरिष्ठ पत्रकार अतुल तारे (ग्वालियर) को प्रदान किया जाएगा। हिन्दी गौरव अलंकरण समारोह का यह सातवाँ वर्ष है।

संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ ने बताया कि ‘अलंकरण का यह सातवाँ वर्ष है। संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष दो हिन्दी साधकों को ‘हिन्दी गौरव अलंकरण’ से विभूषित किया जाता है। चयन समिति द्वारा चयनित वर्ष 2026 के लिए इन्दौर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार नर्मदा प्रसाद उपाध्याय व ग्वालियर के वरिष्ठ पत्रकार अतुल तारे के हिन्दी के प्रति समग्र अवदान को रेखांकित करते हुए हिन्दी गौरव अलंकरण प्रदान किया जाएगा।’

सुप्रसिद्ध साहित्यकार, ललित निबन्धकार व साहित्य एवं कला के अंतर अनुशासन पर कार्य करने वाले, अनेक विधाओं में सिद्धहस्त लेखक नर्मदा प्रसाद उपाध्याय प्रमुख रूप से कला एवं सांस्कृतिक पहलुओं पर ललित निबंध के लिए पूरे देश एवं विदेश में चर्चित हैं। श्री उपाध्याय ने 18 निबंध संग्रह, 30 कला केन्द्रित पुस्तकें लिखी हैं व 20 पुस्तकों का सम्पादन किया है। सुप्रसिद्ध पत्रकार अतुल तारे वर्तमान में दैनिक अख़बार के समूह सम्पादक हैं। आप 40 वर्षों से हिन्दी पत्रकारिता कर रहे हैं। आपने भी एक दर्जन से अधिक पुस्तकों का लेखन व सम्पादन किया है।

संस्थान द्वारा वर्ष 2020 में पद्मश्री अभय छजलानी एवं वरिष्ठ कवि राजकुमार कुम्भज को, वर्ष 2021 में वरिष्ठ साहित्यकार कैलाश चंद्र पंत व साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे को, वर्ष 2022 में कहानीकार डॉ. कृष्णा अग्निहोत्री व वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण कुमार अष्ठाना को एवं वर्ष 2023 में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. भगवती लाल राजपुरोहित व सुप्रसिद्ध मीडिया शिक्षक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी, वर्ष 2024 में मनोज श्रीवास्तव व डॉ. करुणा शंकर उपाध्याय एवं वर्ष 2025 में डॉ. नीरजा माधव तथा शिवकुमार विवेक को हिन्दी गौरव अलंकरण से अलंकृत किया जा चुका है।

अलंकृत होने वाली विभूतियों को संरक्षक राजकुमार कुम्भज, साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे, इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम, पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी, प्रो. संजय द्विवेदी, मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितेश गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव भावना शर्मा, राष्ट्रीय सह सचिव सपन जैन काकड़ीवाला, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शिखा जैन, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गणतंत्र ओजस्वी, डॉ. नीना जोशी, प्रेम मंगल, मणिमाला शर्मा, अनुपमा समाधिया आदि ने शुभकामनाएँ दीं।