
इंदौर। समाज को प्रेरित करने वाले चयनित व्यक्तित्व में शहर की सक्रिय समाजसेवी संस्था करुणामय हेल्पिंग हैंड फ़ाउंडेशन को रविवार को ख़बर हलचल न्यूज़ द्वारा नेशनल ब्रिलियन्स अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुधीर तिवारी व अर्चना तिवारी ने ग्रहण किया। कार्यक्रम में इंदौर के लोकप्रिय विधायक रमेश मेंदोला, सांसद शंकर लालवानी, नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पद्मश्री कालूराम बामनिया, इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दीपक कर्दम, लेखक एवं पूर्व मुख्यमंत्री के विशेष कर्त्तव्यस्त अधिकारी रहे प्रवीण कक्कड़, नगर भाजपा उपाध्यक्ष दीप्ति सिंह हाड़ा एवं प्रेस क्लब के महासचिव प्रदीप जोशी एवं सम्पादक डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ बतौर अतिथि उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि करुणामय हेल्पिंग हैंड फ़ाउंडेशन वर्ष 2022 से पंजीकृत, गैर-लाभकारी एवं समाजसेवी संस्था है, जो समाज के समग्र, समावेशी एवं सतत् विकास के उद्देश्य से कार्यरत है। संस्था का पंजीकृत कार्यालय मध्य प्रदेश राज्य में स्थित है। संस्था की स्थापना सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ की गई है, जिससे समाज के वंचित एवं ज़रूरतमंद वर्गों को सशक्त बनाया जा सके।
इस संस्था के संस्थापक डॉ. सुधीर तिवारी एवं अर्चना तिवारी हैं, जो सामाजिक सेवा, मानव कल्याण एवं जनहित के क्षेत्र में सक्रिय योगदान हेतु प्रतिबद्ध हैं।
संस्था द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिनके माध्यम से निर्धन एवं ज़रूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
संस्था की इस उपलब्धि पर स्वजनों सहित सैंकड़ों लोगों ने शुभकामना प्रेषित कर मनोबल बढ़ाया।
